नई दिल्ली (नेहा): चीन ने ताइवान को पांच तरफ से घेरते हुए बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है। चीनी सेना ने ताइवान के उत्तर, उत्तर-पूर्व, पश्चिम, दक्षिण और पूर्वी तट के पास अलग-अलग जोन बनाकर लाइव-फायर ड्रिल शुरू की है। चीन की कार्रवाई के जवाब में ताइवान ने भी काउंटर कॉम्बैट एक्सरसाइज शुरू कर दी है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसकी थलसेना, नौसेना और वायुसेना को अलर्ट पर रखा गया है। चीनी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। ताइवान ने अपनी सेनाओं को तैनात कर कॉम्बैट-रेडीनेस ड्रिल शुरू की है।
ताइवान ने चीन पर क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को कमजोर करने का आरोप लगाया है। चीन के सैन्य अभ्यास से जहाजों की आवाजाही और मछुआरों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो गया है। इस अभ्यास में नौसेना, वायुसेना और रॉकेट फोर्स को एक साथ तैनात किया गया है। ड्रिल में युद्धपोत, फाइटर जेट, बॉम्बर, ड्रोन और लंबी दूरी की मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए समुद्री और हवाई टारगेट को निशाना बनाने, बंदरगाहों की नाकाबंदी और बाहरी दखल को रोकने का अभ्यास किया जा रहा है।
इसके साथ ही चीनी कोस्ट गार्ड को भी ताइवान के आसपास समुद्र में एक्टिव किया गया है। इस सैन्य अभियान को ‘जस्टिस मिशन 2025’ नाम दिया गया है। चीनी सेना ने कहा है कि यह अभ्यास ताइवान की ‘अलगाववादी ताकतों’ और बाहरी देशों के दखल के खिलाफ चेतावनी है। इस बार चीन का अभ्यास पहले से ज्यादा बड़ा है और ताइवान के बेहद करीब किया जा रहा है। खासकर पूर्वी तट के पास बनाए गए सैन्य जोन को अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसी दिशा से संकट के समय ताइवान को अंतरराष्ट्रीय मदद मिल सकती है।


