ढाका (नेहा): बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। अब बांग्लादेश के झेनैदाह जिले के कलिगंज सब-डिवीजन में एक 40 वर्षीय हिंदू महिला के साथ कथित तौर पर दो लोगों ने गैंगरेप किया। अपराधियों ने महिला को पेड़ से बांध दिया और उसके बाल भी काट दिए। यह पिछले कुछ दिनों में हिंदुओं के खिलाफ अपराध की नई घटना है। इससे पहले कई हिंदुओं की हत्याएं हुई हैं, जिनका आरोप बांग्लादेशी कट्टरपंथियों पर लगा है। वहीं, मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली सरकार इसे सामान्य आपराधिक घटना करार दे रही है।
महिला ने पुलिस शिकायत में बताया है कि उसने ढाई साल पहले कलिगंज नगर पालिका के वार्ड नंबर 7 में शाहिन और उसके भाई से 20 लाख टका में एक दो-मंजिला घर के साथ तीन डेसिमल जमीन खरीदी थी। इसके बाद, शाहिन उसे गलत प्रस्ताव देने लगा और जब उसने मना किया तो उसे परेशान करने लगा। शनिवार शाम को, जब विधवा के गांव के दो रिश्तेदार उससे मिलने आए थे, तो शाहिन और उसका साथी हसन जबरदस्ती घर में घुस आए और उसका रेप किया। इसके बाद उन्होंने उससे 50,000 टका (लगभग 37,000 रुपये) मांगे।


