नई दिल्ली (नेहा): अगर आप आज 27 जनवरी, मंगलवार को बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। बैंक कर्मचारियों की यूनियनों ने अपनी मांगों को लेकर 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल के चलते देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले नौ संगठनों के संयुक्त निकाय यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा हड़ताल का यह आह्वान 23 जनवरी को मुख्य श्रम आयुक्त के साथ हुई सुलह बैठक के विफल होने के बाद आया है। यूएफबीयू के घटक अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) के महासचिव सी एच वेंकटचलम ने बताया कि सुलह कार्यवाही के दौरान विस्तृत चर्चा के बावजूद हमारी मांग पर कोई आश्वासन नहीं मिला।
इसलिए, हम हड़ताल पर जाने को मजबूर हुए। बैंक कर्मचारियों की यह हड़ताल पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी (5-डे वर्क वीक) की मांग को लेकर की जा रही है। यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर हो रही है। यूएफबीयू का कहना है कि बैंकों में भी अब पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू किया जाना चाहिए, जैसे अन्य सरकारी संस्थानों में होता है। यूनियनों का आरोप है कि सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) की ओर से इस मुद्दे पर लंबे समय से कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस हड़ताल में देश के लगभग सभी बड़े सरकारी बैंक शामिल होने वाले हैं। इनमें शामिल हैं: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB),,बैंक ऑफ बड़ौदा,,केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, कई शहरों में बैंक कर्मचारियों ने पहले से ही प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं और चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


