जामनगर (नेहा): गुजरात के जामनगर में जनसभा के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता गोपाल इटालिया पर किसी ने जूता फेंक दिया। जूता फेंकने वाला व्यक्ति कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता था। इस घटना के बाद जनसभा में हंगामा मच गया। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए AAP कार्यकर्ताओं ने भी आरोपी पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह से पीटा।
गोपाल इटालिया गुजरात के विसावदर विधानसभा सीट से AAP के विधायक हैं। उन्होंने जामनगर में बाइक रैली और जनसभा का आयोजन किया था। जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता ने उनपर हमला कर दिया। इसके बाद मामला इतना बढ़ा कि AAP कार्यकर्ताओं का गुस्सा भी फूट पड़ा। सभी कार्यकर्ताओं ने हमलावर को घेरकर पकड़ा और उसे बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। इस घटना के बाद राज्य का सियासी पारा आसमान छूने लगा है।
हमलावर की पहचान छत्रपाल सिंह जडेजा के रूप में हुई है, जो कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता है। गोपाल इटालिया जामनगर में बाइक रैली निकालने के बाद टाउन हॉल में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। तभी छत्रपाल जडेजा तेजी से उनकी तरफ बढ़ा और मंच पर जूता फेंक कर मारा। गोपाल इटालिया पर हमले के बाद कार्यक्रम में मौजूद AAP कार्यकर्ताओं का गुस्सा भी भड़क गया और सभी ने छत्रपाल को सरेआम पीटना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह लड़ाई 10-15 मिनट तक चली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बीच बचाव करके लड़ाई शांत करवाई। इस दौरान हमलावर बुरी तरह से चोटिल हो गया था। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जीजी अस्पताल भेजा है।


