नई दिल्ली (नेहा): इटली के एक गांव में नन्हीं परी का जन्म हुआ और यह खबर पूरे इंटरनेट पर धड़ल्ले से वायरल होने लगी। पूरा गांव मिलकर बच्ची के जन्म की खुशी मना रहा है। गांव वालों के लिए यह कोई साधारण बात नहीं हैं। उन्हें कई सालों बाद गांव में किसी बच्चे की किलकारियां सुनने को मिल रहीं हैं। इटली के इस गांव का नाम पगलियारा देई मारसी है।
इस गांव में पिछले 30 साल से किसी भी बच्चे का जन्म नहीं हुआ है। ऐसे में 3 दशकों बाद जब गांव में नन्हीं परी की एंट्री हुई, तो पूरा गांव खुशियों से सराबोर हो गया है। गांव में जन्मी इस बच्ची का नाम लारा रखा गया है। लारा की मां 42 और पिता 56 साल के हैं। वहीं, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी लारा के जन्म पर लाखों का बेबी बोनस देने की घोषणा की है।
इटली को यूरोप का दरवाजा कहा जाता है। हालांकि, इटली में जन्म दर तेजी से घट रही है। पगलियारा देई मारसी गांव इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। यूरोप में सबसे कम जन्म दर इटली में ही है। पिछले 16 साल से इटली की महिलाएं कम बच्चे पैदा कर रही हैं। 2024 में इटली की जन्म दर घटकर 3,69,944 रह गई थी। वहीं, प्रजनन दर भी 1.18 पर सिमट गई है।


