किन्नौर (नेहा): हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश ने फिर तबाही मचाई है। किन्नौर जिले में बादल फटने से दो पुल बह गए हैं। ये दोनों पुल किन्नर कैलाश जाने वाले पैदल यात्रियों के लिए बनाए गए थे। पुल बहने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बादल फटने के बाद आए सैलाब में ये पुल चंद ही सेकेंड में बह जाता है। वहीं प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए इस धार्मिक यात्रा को स्थगित कर दिया है। लेकिन इस यात्रा पर निकले सैंकड़ों यात्री अभी भी फंसे हुए हैं। आईटीबीपी ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया हुआ और फंसे हुए लोगों को निकाला जा रहा है। जानकारी के अनुसार अभी तक 400 से ज्यादा श्रद्धालुओं को निकाला जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बादल फटने से किनर कैलाश यात्रा पर जा रहे सैकड़ों लोग फंस गए। जानकारी के अनुसार, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान 413 श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा चुके थे। यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। किन्नर कैलाश यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन भी बंद कर दिया गया है। वहीं, राज्य के अन्य कई जिलों में बारिश की वजह से आज भी शिक्षण संस्थान बंद हैं। चंडीगढ़-मनाली हाईवे लगातार तीसरे दिन बंद है।
उधर भारी बारिश के चलते चंडीगढ़ को शिमला से जोड़ने वाला कालका शिमला नेशनल हाईवे बंद हो गया है। परवाणू के पास चक्की मोड़ पर मलबा गिरने से हाईवे बंद हुआ है।दो दिन से ही लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते यह भूस्खलन हुआ है और सुबह होते ही पूरा हाईवे मलबे से ढक गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इसके चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया है और सैंकड़ों गाड़ियां फंस गई हैं। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। बता दें कि कि मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है।