नई दिल्ली (नेहा):कनाडा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां कनाडा की सबसे बड़ी एयरलाइन एअर कनाडा ने गुरुवार से अपनी उड़ानों को रद्द करना शुरू कर दिया है। यह कदम फ्लाइट अटेंडेंट्स की संभावित हड़ताल के चलते उठाया गया है, जिससे हर दिन करीब 1.3 लाख यात्रियों की यात्रा पर असर पड़ सकता है। बता दें कि एअर कनाडा में करीब 10,000 फ्लाइट अटेंडेंट्स की यूनियन ने बुधवार को 72 घंटे की हड़ताल की चेतावनी दी थी।
इसके जवाब में एयरलाइन ने लॉकआउट नोटिस जारी किया है। इसका मतलब है कि यदि कोई समझौता नहीं हुआ, तो शनिवार तड़के से सभी उड़ानें बंद हो जाएंगी। मामले में एअर कनाडा के चीफ ऑपरेशंस ऑफिसर मार्क नासर ने बताया कि गुरुवार रात से ही लंबी दूरी की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। शुक्रवार तक करीब 500 उड़ानें रद्द की जाएंगी। इसके बाद शनिवार सुबह 1 बजे से सभी फ्लाइट्स पूरी तरह बंद हो जाएंगी। इससे 25,000 कनाडाई नागरिक विदेशों में फंसे रह सकते हैं।