शिकागो (नेहा): अमेरिका के शिकागो शहर में एक रेस्तरां के बाहर हुई गोलीबारी में 4 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी है। गोलीबारी के दौरान घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना शिकागो के रिवर नॉर्थ इलाके में एक रेस्तरां के बाहर हुई, जहां एक गायक के एल्बम रिलीज की पार्टी चल रही थी। पुलिस ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भीड़ पर गोलीबारी की और फिर मौके से वाहन में बैठकर फरार हो गया। फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। संदिग्ध को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
पुलिस के मुताबिक गोलीबारी में 21 से 32 साल की उम्र के 13 महिलाएं और 5 पुरुष घायल हुए हैं। मृतकों में 2 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। घायल लोगों को कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। नॉर्थवेस्टर्न मेडिसिन अस्पताल के प्रवक्ता क्रिस किंग ने कहा कि वे आपातकालीन विभाग में कई घायल लोगों का इलाज कर रहे हैं, लेकिन घायलों की संख्या और स्थिति के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। पिछले 50 वर्षों में अमेरिका में 15 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हथियारों के कारण हुई है। अमेरिका की कुल आबादी लगभग 33 करोड़ है, जबकि देश में हथियारों की संख्या 40 करोड़ से अधिक है। यहां हथियार खरीदने के नियमों के अनुसार, राइफल या छोटी बंदूक खरीदने के लिए कम से कम 18 साल की उम्र होनी चाहिए, जबकि अन्य हथियारों के लिए न्यूनतम उम्र सीमा 21 साल है।