नई दिल्ली (नेहा): इटली की एक बेली डांसर को अश्लीलता फैलाने के आरोप में मिस्र में गिरफ्तार किया गया है। डांसर का नाम सोहिला तारेक हसन हग्गग है, लेकिन इंस्टाग्राम पर वह लिंडा मार्टिनो के नाम से फेमस हैं। इंस्टाग्राम पर उसके 22 लाख फॉलोअर हैं। मार्टिनो का जन्म मिस्र में ही हुआ था, लेकिन उनके पास इटली की भी नागरिकता है। आरोप है कि मार्टिनो ने कम कपड़े पहन कर अपने शरीर के अंगों का प्रदर्शन किया और अपने डांस वीडियो में कामुक तकनीकों का इस्तेमाल किया। उन्हें काहिरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के पास उनके पास काफी ज्यादा कैश बरामद किया गया। काहिरा के अभियोजकों ने बेली डांसर पर कामुकता भरी हरकतों और उत्तेजक डांस के माध्यम से अनैतिकता भड़काने का आरोप लगाया है।
मार्टिनो ने इटली के व्यक्ति से शादी की थी। लेकिन वह बाद में उससे अलग हो गईं। मार्टिनो के पास दोहरी नागरिकता है, लेकिन मिस्र में एक सक्सेसफुल प्रोफेशन होने के कारण वह वापस लौट आईं। काहिरा स्थित इटली के दूतावास ने उनके रिहाई की मांग की है और उनसे मिलने की अनुमति मांगी है। माना जा रहा है कि मार्टिनो अभी दो हफ्ते तक जेल में रह सकती हैं। मिस्र ने हाल ही में नैतिक रूप से संदिग्ध माने जाने वाले कृत्यों के बारे में कड़े नियम लागू किए हैं। इसके पहले 5 अन्य बेली डांसरों को भी नैतिकता संबंधी आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। नए नियमों के तहत, इंटरनेट पर कानून का उल्लंघन करने पर कम से कम दो साल की जेल और 300,000 मिस्र पाउंड तक का जुर्माना हो सकता है। मानवाधिकार संगठनों ने ऐसे मामलों की आलोचना की है।