इस्लामाबाद (नेहा): पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तानी सेना के जवानों पर बड़ा हमला हुआ है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सैनिकों को लेकर कराची से क्वेटा जा रही बस को आईईडी हमले में निशाना बनाया, जिसमें 29 पाकिस्तानी जवान मारे गए हैं। BLA के एक अन्य हमले 2 पाकिस्तानी जवानों की मौत हुई है। इसके साथ ही बलूच लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने भी कलात और झाऊ में हमलों को अंजाम दिया है। इन हमलों में भी कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। पाकिस्तानी सेना ने मुठभेड़ की बात स्वीकार की है और हताहतों की पुष्टि की है लेकिन जवानों की मौत की संख्या विद्रोही समूहों के दावों से अलग बताई है।
बीएलए ने दावा किया कि उसने 16 जुलाई बुधवार को दो बड़े हमले किए। सबसे महत्वपूर्ण हमला कलात के निमराग क्रॉस पर हुआ, जहां फतेह दस्ते ने कराची से क्वेटा जा रही सैन्य बस पर घात लगाकर हमला किया। इस हमले में 29 सैन्यकर्मी मारे गए और कई घायल हो गए। समूह ने कहा कि नागरिक कव्वाली कलाकार भी बस में यात्रा कर रहे थे, लेकिन वे निशाने पर नहीं थे। इसने नागरिकों से भविष्य में हमलों से बचने के लिए सैन्य प्रतिष्ठानों और काफिलों से दूर रहने को कहा है।