लंदन (राघव): ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने रविवार को एमआई6 (सीक्रेट इंटेलिजेंस सर्विस) की नई प्रमुख के रूप में ब्लेज मेट्रेवेली की नियुक्ति की घोषणा की। वह इस पद को संभालने वाली पहली महिला होंगी। खुफिया एजेंसी के 116 साल के इतिहास में यह एक ऐतिहासिक कदम है। मेट्रेवेली मौजूदा प्रमुख सर रिचर्ड मूर की जगह लेंगी, जो इस साल के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अब वह एमआई6 की 18वीं प्रमुख बनेंगी। एमआई6 प्रमुख को ‘सी’ के नाम से जाना जाता है और यह पद संगठन में एकमात्र ऐसा है, जिसकी सार्वजनिक पहचान होती है। सी सीधे तौर पर विदेश मंत्री डेविड लैमी को रिपोर्ट करती हैं।
उधर, प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा कि ब्लेज मेट्रेवेली की ऐतिहासिक नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है, जब हमारे खुफिया एजेंसियों का कार्य पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। ब्रिटेन आज अभूतपूर्व खतरों का सामना कर रहा है। वहीं, विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा कि तकनीकी युग में जहां वैश्विक अस्थिरता और खतरों का सामना करना पड़ रहा है, ब्लेज उस नेतृत्व के लिए उपयुक्त हैं। कैबिनेट सचिव क्रिस्टोफर वॉर्मल्ड ने मेट्रेवेली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगी।
बतौर केस ऑफिसर शुरुआत की 47 वर्षीय ब्लेज वर्तमान में खुफिया एजेंसी में ‘क्यू’ के रूप में कार्यरत हैं, जो तकनीक और नवाचार की प्रमुख हैं। इससे पहले वह घरेलू खुफिया एजेंसी एमआई5 में भी निदेशक स्तर पर काम कर चुकी हैं। ब्लेज ने 1999 में बतौर केस ऑफिसर खुफिया सेवा में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के पेमब्रोक कॉलेज से मानवशास्त्र की पढ़ाई की है। अपना अधिकांश समय मध्य पूर्व और यूरोप में ऑपरेशनल भूमिकाओं में बिताया है। गर्व और सम्मान की बात : मेट्रेवेली ब्लेज मेट्रेवेली ने कहा कि यह मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है कि मैं एमआई6 का नेतृत्व करूंगी। यह सेवा एमआई5 और जीसीएचक्यू के साथ मिलकर ब्रिटेन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वैश्विक स्तर पर हमारे हितों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाती है।