टोक्यो (नेहा): जापान के टोक्यो से एक ऐसी खबर आई है, जिसने पूरी दुनिया के होश उड़ा दिए हैं। यहां नए साल 2026 की पहली नीलामी में एक मछली इतनी महंगी बिकी है कि पूछिए ही मत, उतने में तो भारत में आप कई आलीशान बंगले खरीद सकते हैं। यहां बात हो रही है एक ब्लूफिन टूना की, जिसने ऑक्शन की दुनिया में इतिहास रच दिया है।
बता दें कि जापान के प्रसिद्ध टोयोसू फिश मार्केट में साल की पहली नीलामी अक्सर चर्चा में रहती है, लेकिन इस बार एक ब्लूफिन टूना की नीलामी ने सबको हिलाकर रख दिया। आपको जानकर हैरानी होगी कि 243 किलो वजनी यह मछली 510 मिलियन येन (यानी 29 करोड़ रुपये से अधिक) में बिकी है। इसे उत्तरी जापान के ओमा तट पर पकड़ा गया था, जो अपनी हाई क्वालिटी टूना के लिए फेमस है। जाहिर है, अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर यह मछली इतनी महंगी कीमत पर किसने खरीदी और क्यों?
इस ब्लूफिन टूना को जापान की दिग्गज सुशी चेन ‘सुषिजनमई’ की पैरेंट कंपनी कियोमुरा कॉर्पोरेशन ने खरीदा। कंपनी के ओनर और ‘टूना किंग’ के नाम से मशहूर कियोशी किमुरा ने यह बोली जीती। उन्होंने अपना ही 2019 का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। तब उन्होंने 333.6 मिलियन येन (यानी 19 करोड़ रुपये से अधिक) बोली लगाकर सबको चौंका दिया था।


