नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सड़क सुरक्षा और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए ‘नमो रन’ को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में स्थित यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। इसमें दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और विधायक अरविंदर सिंह लवली भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “यह आयोजन सुरक्षित दिल्ली की दिशा में एक बड़ा कदम है। खेल प्रतियोगिताओं को सड़क सुरक्षा से जोड़ने और इस दौड़ के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करने का उद्देश्य बहुत सुंदर है। इस तरह की प्रतियोगिताएं सुरक्षित और विकसित दिल्ली की राह में बहुत लाभदायक होंगी।”
उन्होंने कहा कि आजकल लड़कियां भी बेहतरीन क्रिकेट खेलती हैं। हर खेल का अपना महत्व है और हर खिलाड़ी अपने आप में महत्वपूर्ण है। यह खेल प्रतियोगिता, यह दौड़ और इसमें आपकी भागीदारी, ये सब बहुत महत्वपूर्ण हैं। आप सभी को और पूरी आयोजन टीम को सभी को एक साथ लाने के लिए मैं बधाई देती हूं।


