ओटावा (नेहा): कनाडा में फिर से एक भारतीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। पंजाब से ताल्लुक रखने वाली वंशिका की रहस्यमयी मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वंशिका का शव समंदर के किनारे बीच पर पड़ा मिला। कनाडा में भारतीय दूतावास ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। वंशिका, आम आदमी पार्टी के नेता देविंदर सिंह की बेटी हैं। वो पंजाब के डेरा बस्सी की रहने वाली हैं। पंजाब के AAP विधायक कुलजीत सिंह, देविंदर सिंह के काफी करीबी माने जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वंशिका की स्कूली शिक्षा लगभग ढाई साल पहले पूरी हुई थी, जिसके बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए कनाडा चली गईं थीं। कनाडा के ओटावा में वो डिप्लोमा की पढ़ाई कर रही थीं। मगर, 25 अप्रैल को वंशिका अचानक लापता हो गईं। पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो उनकी लाश बीच पर पड़ी मिली।
बता दें कि वंशिका 25 अप्रैल की रात 8-9 बजे ओटावा के 7 मैजिस्टिक ड्राइव स्थित घर से निकलीं थीं। वंशिका किराए का घर देखने गईं थीं। हालांकि 11:40 बजे उनका फोन अचानक से बंद हो गया। परिवार को वंशिका की चिंता सताने लगी। लिहाजा इसकी जानकारी ओटावा पुलिस को दी गई। वंशिका के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उनकी छानबीन शुरू की, लेकिन वंशिका का कहीं कोई पता नहीं चला। वहीं, अब उनका शव संदिग्ध अवस्था में बीच पर मिला। वंशिका की मौत की वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।