नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली में जिला पुनर्गठन की प्रक्रिया इस महीने के अंत या जनवरी तक पूरी हो सकती है। दिल्ली में नगर निगम के अनुसार अब 13 जिले बनने की संभावना है, इसी पर आम सहमति बनी है। नगर निगम के 12 जोन और एनडीएमसी व कैंट एरिया अलग है।
नई व्यवस्था में नगर निगम के 12 जोन के अनुसार 12 जिलों का गठन होगा और एक जिला एनडीएमसी व कैंट एरिया को मिलाकर बनेगा। सूत्रों की मानें तो दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गत दिनों इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।
जल्द ही इसे कैबिनेट में प्रस्तुत किए जाने की सरकार की योजना है। कुछ समय पहले राजस्व विभाग की ओर से इस प्रस्ताव को कैबिनेट में भेजा गया था। मगर कुछ तकनीकी अड़चन के चलते इस पर कैबिनेट में चर्चा नहीं हो सकी है।
बता दें कि वर्तमान में दिल्ली में 11 जिले हैं। ऐसे में प्रशासनिक तौर पर कई तरह की समस्याएं खड़ी होती हैं। क्योंकि नगर निगम के 12 जोन हैं और एनडीएमसी और दिल्ली कैंट एरिया अलग है। दिल्ली सरकार इस समस्या को दूर करने के लिए 13 राजस्व जिले बनाने की तैयारी कर रही है।


