टोक्यो (नेहा): जापान का एक शहर भीषण आग की चपेट में आ गया है। 170 से ज्यादा इमारतें इस आग में जलकर खाक हो गई हैं। आग इतनी भयंकर है कि इसपर काबू पाना मुश्किल हो गया है। रात भर की मशक्कत के बाद भी आग को पूरी तरह से नहीं बुझाया जा सका है। यह आग जापान की राजधानी टोक्यो से महज 770 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ओइता शहर के सागानोसेकी जिले में लगी है। आग से बचने के लिए 175 के आसपास लोगों ने इमरजेंसी शेल्टर में शरण ली है।
आग मंगलवार शाम को लगभग 5:40 बजे (भारतीय समय के अनुसार 8:40 बजे) लगी थी। दमकल विभाग ने आग से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, एक व्यक्ति गायब है, जिसकी तलाश की जा रही है। जापान के शहर में लगी आग की कई तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं, जिनमें आग की ऊंची-ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार को देखा जा सकता है। आग इतनी भयंकर थी कि रिहायशी इलाकों के अलावा पहाड़ी जंगलों तक फैल गई है। यही वजह है कि दमकल कर्मियों के लिए आग बुझाना मुश्किल हो गया है।


