फिरोजपुर (नेहा): पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बात भारत और पड़ोसी देशस पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच पंजाब के फिरोजपुर में रात करीब 9 बजे ब्लैकआउट का ऐलान किया गया।
सूत्रों के अनुसार, फिरोजपुर के कैंट एरिया में रविवार रात 9 बजे से 9.30 बजे तक आधे घंटे के लिए सभी लाइटें बंद कर दी गई। इस अभ्यास का उद्देश्य युद्ध जैसी आपात स्थितियों में बिजली कटौती की प्रक्रिया को जांचना और ब्लैकआउट व्यवस्था की प्रभावशीलता सुनिश्चित करना था। इसी मध्य फिरोजपुर छावनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने इस ड्रिल को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और स्टेशन मुख्यालय ने पूर्ण सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि यह ब्लैकआउट अभ्यास सीमा पर डिफेंस ड्रिल का एक हिस्सा माना जा रहा है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्रवासियों को इस अभ्यास के बारे में सूचित करने के लिए लाउडस्पीकर से लैस बैटरी रिक्शा का सहारा लिया और शहर की गलियों में घूम-घूमकर नागरिकों को सावधान किया कि वे आज रात समय पर सभी लाइटें बंद कर दें और अनावश्यक गतिविधियों से बचें।
बता दें कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में सीमा पार से आए आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए थे। इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी पाकिस्तानी वीजा रद्द कर दिए हैं और सिंधु जल संधि को भी निलंबित कर दिया है।वहीं पाकिस्तानी सेना ने बीते 11 दिनों से नियंत्रण रेखा (LOC) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रही है , जिसका जवाब भारतीय सेना प्रभावी गोलीबारी के साथ दे रही है । सैन्य सूत्रों के अनुसार, सेना हर स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है और हर मोर्चे पर चौकसी बढ़ा दी गई है।