नई दिल्ली (नेहा): गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाईक का आज निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके कारण 79 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। रवि नाइक का घर गोवा की राजधानी पणजी से 30 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है। जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा, तो वो अपने घर पर ही थे। आनन-फानन में उन्हें पोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। मगर, रात को 1 बजे के आसपास डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रवि नाइक के परिवार में कुल 7 सदस्य हैं। वो अपनी पत्नी, 2 बच्चे, 1 बहू और 3 पोते-पोतियों के साथ रहते थे। उनके निधन से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। आज दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। रवि नाइक के पार्थिव शरीर को पोंडा के खड़पबंध स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा। इस दौरान हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। पीएम मोदी समेत गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।