नई दिल्ली (नेहा): फ्रांस ने एक बार फिर भारत के लिए बड़ा दोस्त साबित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक-इन-इंडिया’ कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मिनी नवरत्न रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (IOL) ने फ्रांसीसी कंपनी सैफरान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड डिफेंस के साथ दो हाई परिशुद्धता वाले युद्ध में सिद्ध हो चुके सिस्टमों के प्रोडॅक्शन ट्रांसफर के लिए एक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे इन सिस्टमों को अब देश में ही बनाया जा सकेगा। 36 राफेल के करार के बाद फ्रांसीसी कंपनी ने भारत से एक और बड़ा करार किया है। यह करार पाकिस्तान-चीन जैसे भारत के दुश्मनों के लिए बड़ा झटका साबित होने जा रहा है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस समझौते के तहत सटीक हमले करने में सक्षम दो अहम युद्धक प्रणालियों को विकसित किया जाएगा। पहला सिस्टम्स हैं-सिग्मा 30N डिजिटल रिंग लेजर जाइरो इनर्टियल नेविगेशन सिस्टम। इसका इस्तेमाल तोपों, एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइलों और रडारों में किया जाता है। वहीं, दूसरा सिस्टम CM3-MR डायरेक्ट फायरिंग साइट है, जिसे तोपों और ड्रोन-रोधी प्रणालियों के लिए डिजाइन किया गया है।
SIGMA 30N एक डिजिटल इनर्टियल नेविगेशन और पोजिशनिंग सिस्टम है जो तोपखाने, मिसाइल प्लेटफॉर्म, रडार और वायु रक्षा प्रणालियों के लिए सटीक नेविगेशन प्रदान करता है।
CM3-MR एक डायरेक्ट फायरिंग साइट सिस्टम है जिसका उपयोग तोपखाने और ड्रोन-रोधी प्लेटफॉर्म पर किया जाता है। यह सटीक लाइन-ऑफ-साइट लक्ष्यीकरण को सक्षम बनाता है, जिससे पारंपरिक और असममित युद्ध परिदृश्यों में दक्षता और प्रभावशीलता में सुधार होता है।
इन समझौते पर 22 दिसंबर, 2025 को नई दिल्ली में रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार की उपस्थिति में आईओएल के सीएमडी तुषार त्रिपाठी और सैफरान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड डिफेंस के रक्षा वैश्विक व्यापार इकाई के प्रमुख एलेक्जेंडर जिग्लर ने हस्ताक्षर किए।


