कंबोडिया (पायल): कंबोडिया में एक यात्री बस पुल से नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में कम से कम 16 लोग मारे गए और दो दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारी सिव सोवन्ना ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को फोन पर बताया कि यह बस सियेम रीप से नोम पेन्ह की ओर जा रही थी, जहां प्रसिद्ध अंगकोर वाट मंदिर स्थित है। यह हादसा बृहस्पतिवार सुबह मध्य प्रांत काम्पोंग थॉम में हुआ।
सोवन्ना ने बताया कि बृहस्पतिवार रात बचावकर्मियों द्वारा तलाश पूरी करने के बाद मृतकों की संख्या 13 से बढ़कर 16 हो गई। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि चालक रात में सियेम रीप से प्रस्थान करने के बाद नींद के असर में था। आमतौर पर यह यात्रा लगभग साढ़े पांच घंटे की होती है। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि चालक मृतकों में शामिल है या नहीं।
पुलिस ने कहा कि बस में लगभग 40 यात्री सवार हुए थे और सभी कंबोडियाई नागरिक हैं। लोक निर्माण और परिवहन मंत्रालय के अनुसार, कंबोडिया में सड़क दुर्घटनाओं में 2024 में 1,509 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि 2025 के पहले नौ महीनों में 1,062 लोग सड़क हादसों में मारे गए।


