नई दिल्ली (नेहा): भारत की सरकारी तेल कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद रूस से तेल खरीदने के बजाय अबू धाबी से कच्चा तेल लेने का फैसला किया है। कंपनी ने दिसंबर लोडिंग के लिए अबू धाबी की अपर जाकुम (Upper Zakum) ग्रेड के 20 लाख बैरल कच्चे तेल की खरीद की है। ये तेल अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) के ट्रेडिंग डिवीजन से लिया जाएगा।
अमेरिका ने पिछले हफ्ते रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों रोसनेफ्ट और लुकोइल पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। इन कंपनियों पर यूक्रेन युद्ध को जारी रखने में आर्थिक मदद का आरोप है। इसके बाद भारत की कई तेल कंपनियों, खासकर BPCL, ने रूसी आपूर्तिकर्ताओं से सौदे दोबारा जांचने शुरू कर दिए। BPCL के एक अधिकारी ने बताया कि कंपनी अब सिर्फ़ उन्हीं रूसी संस्थानों से तेल खरीदेगी जो अमेरिकी पाबंदियों की लिस्ट में शामिल नहीं हैं।
Upper Zakum अबू धाबी का ऑफशोर ऑयल फील्ड है, जो मीडियम-हेवी ग्रेड का कच्चा तेल देता है। इसकी रिफाइनिंग क्वालिटी ऊंची होती है और यह एशियाई बाज़ारों, खासकर भारत और जापान, में लोकप्रिय है। दूसरी तरफ रूसी तेल, खासकर उरल्स ग्रेड (Urals), सस्ता होता है लेकिन उसका सल्फर कंटेंट ज्यादा होता है, जिससे रिफाइनिंग लागत बढ़ती है। इस वजह से Upper Zakum तेल को क्लीनर और हाई वैल्यू क्रूड माना जाता है।


