लंदन (नेहा): भारतीय नौसैना और फिलीपींस की नेवी ने हाल ही में दक्षिणी चीन सागर से कुछ ही दूरी पर एक संयुक्त अभ्यास किया था। इस अभ्यास की फिलीपींस में खूब चर्चा है और भारतीय नौसेना की जमकर तारीफ हो रही है। फिलीपींस के पूर्व विदेश मंत्री और ब्रिटेन के वर्तमान राजदूत टेओडोरो ‘टेडी बॉय’ लोपेज लोक्सिन जूनियर ने एक्स पर इंडिनय नेवी के बारे में लिखा है। उन्होंने कहा, ‘भारतीय नौसेना एक मात्र ऐसी नेवी है जो जहां चाहे वहां जाने का साहस रखती है।’ इस दौरान उन्होंने पश्चिमी देशों की नेवी पर तंज कसा और कहा कि पश्चिमी नौसेनाओं कैस्ट्राटी की तरह एकेपेला गाती हैं।
कैस्ट्राटी उन पुरुष गायकों को कहा जाता है जो मुख्य रूप से चर्च के गायक मंडलों और ओपेरा हाउस में ऊंची आवाज में गाते हैं। इनकी आवाज की उच्च सीमा बनाए रखने के लिए इन्हें यौवन से पहले ही नपुंसक बना दिया जाता है। फिलीपींस के राजदूत हाल ही में हुए भारत-फिलीपींस अभ्यासों के बारे में एक्स पर एक चर्चा का जवाब दे रहे थे।
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की हालिया भारत यात्रा से पहले दोनों देशों की नेवी ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में पश्चिमी फिलींपींस सागर में संयुक्त अभ्यास किया था। एक विश्लेषक ने इसे ‘दक्षिण चीन सागर के व्यापक जल क्षेत्र में आने वाला क्षेत्र और चीन द्वारा अपना दावा’ बताया। विश्लेषक की बात को काटते हुए एक एक्स यूजर ने लिखा, ‘यह चीन का समुद्री क्षेत्र नहीं है। यह अभ्यास फिलीपींस के EEZ (विशेष आर्थिक क्षेत्र) के अंदर हुआ। यह चीनी मुख्य भूमि से हजारों किलोमीटर दूर है।’
टेडी लोक्सिन जूनियर ने इसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय नेवी की तारीफ की। हालिया अभ्यासों का जिक्र करते हुए एक अन्य एक्स यूजर ने कहा कि फिलीपींस का EEZ चीन का आंगन नहीं है। इस क्षेत्र में भारत-फिलीपींस गश्ती अभ्यास पहली बार नहीं है। दोनों नौसेनाओं ने 2021 में पश्चिमी फिलीपींस सागर में भी ऐसे संयुक्त अभ्यास किए हैं।