नई दिल्ली (नेहा): कनाडा के ओंटारियो में भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग करने वाले एक थिएटर पर दो बार हमला किया गया। पहला हमला 25 सितंबर को हुआ जबकि दूसरा 2-3 अक्टूबर को। इस हमले के पीछे खालिस्तानियों के होने का शक जताया जा रहा है। थिएटर ने इसके पीछे भारतीय फिल्मों को बताया, साथ ही दो इंडियन फिल्म्स की स्क्रीनिंग रोक दी है।
भारतीय फिल्मों से क्या दुश्मनी है? कनाडा में एक मूवी थिएटर पर दो बार हमला किया गया। इस वजह से उत्तरी अमेरिकी देश के ओंटारियो प्रांत में मूवी थिएटर ने भारतीय फिल्मों के कई शो रद्द कर दिए हैं। दो हफ्तों में यह आगजनी और फायरिंग हमलों की यह दूसरी घटना है। 2-3 अक्टूबर को केवल फायरिंग नहीं की गई बल्कि पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना भी सामने आई है। ये हमले किसने किए इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है, हालांकि इसका शक खालिस्तानियों पर ही जा रहा है। ओकविल स्थित Film.ca Cinemas के अधिकारियों ने इन हमलों को दक्षिण एशियाई फिल्मों की स्क्रीनिंग से जोड़ते हुए भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग हटा दीं।
इस थिएटर पर पहला हमला 25 सितंबर को सुबह करीब 5:20 बजे हुआ था। तब हैल्टन पुलिस के मुताबिक, दो संदिग्धों ने लाल गैस कनस्तरों के जरिए ज्वलनशील तरल पदार्थ का इस्तेमाल कर थिएटर के मुख्य द्वार पर आग लगाने की कोशिश की थी। आग थिएटर की बाहरी दीवार तक सीमित रही, जिससे कोई विशेष नुकसान नहीं हुआ। दूसरा हमला एक हफ्ते बाद, 2 अक्टूबर को हुआ, जब रात 1:50 बजे थिएटर के प्रवेश द्वार पर कई गोलियां चलाईं गईं। पुलिस ने संदिग्ध को गहरे रंग की त्वचा वाला, भारी शरीर वाला पुरुष बताया है, जिसने पूरे काले कपड़े और काला फेस मास्क पहना था। जांचकर्ताओं का मानना है कि दोनों हमले जानबूझकर किए गए थे। पुलिस ने इस संबंध में जानकारी रखने वाले लोगों से डिस्ट्रिक्ट क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशंस ब्यूरो से संपर्क करने की अपील की।
Film.ca ने सोशल मीडिया पर पहली घटना का एक सीसीटीवी फुटेज साझा किया. जिसमें एक ग्रे रंग की एसयूवी रात करीब 2 बजे आती दिखती है। एक हुडी पहना व्यक्ति थिएटर के प्रवेश द्वार का मुआयना करता है और फिर गाड़ी लेकर चला जाता है। वही एसयूवी दोबारा पार्किंग में लौटी। सुबह करीब 5:15 बजे एक सफेद एसयूवी आती दिखी। इसके बाद दो लोग लाल कनस्तरों से तरल पदार्थ गिराते और फिर माचिस जलाकर जमीन पर फेंकते नजर आते हैं।