नई दिल्ली (राघव): नेपाल में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के ज्वाइंट ऑपरेशन में देश का सबसे बड़ा अवैध हथियार सप्लायर शेख सलीम उर्फ सलीम पिस्टल को पकड़ा गया है। सलीम पिस्टल पिछले कई सालों से पाकिस्तान से भारत में अत्याधुनिक हथियारों की सप्लाई कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियों को इस बात के भी सबूत मिले हैं कि सलीम के संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और दाऊद इब्राहिम की डी कंपनी से हैं।
सलीम पिस्टल लॉरेंस बिश्नोई, हाशिम बाबा जैसे बड़े गैंगस्टरों को भी पाकिस्तान से आने वाले हथियारों की सप्लाई करता था। यहां तक कि वह सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के एक आरोपी का गुरु भी रह चुका है।
सलीम पिस्टल का नाम बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी सामने आया था। सलीम दिल्ली के सीलमपुर इलाके का रहने वाला है और उसका पूरा नेटवर्क भारत और पाकिस्तान के बीच फैला हुआ था। सलीम पिस्टल ने आर्थिक तंगी के चलते आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी। वह कार ड्राइवर बन गया और 1992 में उसकी शादी हुई।
आरोपी की आपराधिक प्रोफ़ाइल: शेख सलीम उर्फ सलीम पिस्टल:
• पूरा नाम: शेख सलीम
• उपनाम: सलीम पिस्टल
• पिता का नाम: मोहम्मद शरीफ
• जन्म वर्ष: १९७२
• स्थायी पता: मकान संख्या 1034, गली नंबर 34, जाफराबाद, दिल्ली
• परिवार: पांच भाई, दो बहनें, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी
आपराधिक इतिहास:
1. वाहन चोरी (2000)
• साथी मुकेश गुप्ता उर्फ काका के साथ मिलकर गाड़ियों की चोरी करने लगा।
• 7 अप्रैल 2000 को चांदनी चौक से एक मारुति वैन चुराई।
• FIR संख्या: 70/2000 | धारा 379/411/34 IPC
• 25 मई 2000 को गिरफ्तार किया गया।
2. हथियारबंद डकैती (2011)
• 7 अगस्त 2011 को जाफराबाद के एक घर से हथियारों के बल पर 20 लाख रुपये की डकैती की।
• FIR संख्या: 243/2011 | धारा 395/397 िप्स
• 18 सितंबर 2013 को गिरफ्तार होकर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
सलीम पिस्टल की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। यह गिरफ्तारी भारत में चल रहे अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अब सुरक्षा एजेंसियां उससे जुड़े नेटवर्क और पाकिस्तान से उसकी सांठगांठ की गहराई से जांच कर रही हैं।