मेक्सिको (नेहा): मेक्सिको के गुआनाजुआतो में खेल मैदान पर हमला करते हुए बंदूकधारियों ने कम से कम 11 लोगों की हत्या कर दी है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार को सेंट्रल मेक्सिको के सलामंका में एक फुटबॉल मैदान पर बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की। इस घटना में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 12 घायल हुए हैं। घायलों का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई गई है।
सलामंका के मेयर सीजर प्रीटो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए बयान में कहा कि बंदूकधारी फुटबॉल मैच खत्म होने के बाद आए थे। उन्होंने भीड़ पर गोली बरसाई। इससे 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक शख्स की बाद में अस्पताल में मौत हो गई। मेयर ने बताया कि घायलों में एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल हैं।


