ह्यूस्टन (नेहा): अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में रविवार तड़के एक पारिवारिक पार्टी के दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 14 लोगों तक के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। यह घटना रविवार तड़के करीब 12:50 बजे दक्षिण-पूर्व ह्यूस्टन के चेरी हिल के 6000 ब्लॉक में हुई। ह्यूस्टन पुलिस विभाग को फायरिंग की सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को मौके पर कई घायल लोग घर के अंदर और आसपास अलग-अलग जगहों पर मिले।
पुलिस असिस्टेंट चीफ पैट्रीशिया कैंटू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह घटना एक फैमिली पार्टी के दौरान हुई, जहां एक अनवांटेड गेस्ट को घर छोड़ने के लिए कहा गया। इसी व्यक्ति ने गोली चलाना शुरू किया, जिसके बाद कुछ अन्य लोगों ने जवाबी फायरिंग की। ह्यूस्टन फायर डिपार्टमेंट भी मौके पर पहुंचा और एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की। कई घायल लोग गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि कुछ घायलों ने खुद ही पास के अस्पतालों तक पहुंचकर इलाज कराया। पुलिस ने घटना के बाद कई लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि मुख्य गोली चलाने वाला आरोपी पुलिस की हिरासत में है या नहीं। जांच रविवार सुबह तक जारी थी।