नई दिल्ली (नेहा): इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर एशेज सीरीज के आखिरी 2 मैचों से बाहर हो गए हैं। उन्हें इंजरी और वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण आराम दिया गया। इंग्लैंड ने 26 दिसंबर को बॉक्सिंग डे पर शुरू होने वाले चौथे एशेज टेस्ट की प्लेइंग-11 भी अनाउंस कर दी है। आर्चर के अलावा ओली पोप भी बाहर हुए हैं।
5 टेस्ट की सीरीज में होम टीम ऑस्ट्रेलिया 3-0 से आगे है। टीम ने शुरुआती 2 मैच 8 विकेट के अंतर से जीतने के बाद तीसरा मुकाबला 82 रन से जीत लिया। मिचेल स्टार्क 2 बार और एलेक्स कैरी 1 बार प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। मेलबर्न में चौथा टेस्ट भारतीय समयानुसार सुबह 5 बजे से शुरू होगा।
नंबर-3 पर उतरेंगे जैकब बेथेल इंग्लैंड ने खराब फॉर्म के बावजूद बेन डकेट को एक और मौका दे दिया। वे जैक क्रॉली के साथ ओपनिंग करते नजर आएंगे। नंबर-3 पर ओली पोप की जगह ऑलराउंडर जैकब बेथेल उतरेंगे। गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स और जोश टंग तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे।
इंग्लिश टीम ने फिर एक बार किसी भी स्पेशलिस्ट स्पिनर को प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया। बेथेल के अलावा ऑफ स्पिनर विल जैक्स और जो रूट टीम के 2 पार्ट टाइम ऑप्शन हैं। कप्तान बेन स्टोक्स टीम के चौथे पेसर हैं। रूट, हैरी ब्रूक, स्टोक्स और विकेटकीपर जैमी स्मिथ टीम का मिडिल और लोअर मिडिल ऑर्डर संभालेंगे।


