नई दिल्ली (नेहा): अमेरिका में एक नई स्वास्थ्य चिंता तेजी से बढ़ रही है। यह बीमारी ‘चागस रोग’ के नाम से जानी जाती है, जिसे आमतौर पर ‘किसिंग बग डिज़ीज’ भी कहा जाता है। अमेरिकी स्वास्थ्य संस्था CDC (Centers for Disease Control and Prevention) ने चेतावनी दी है कि यह रोग अब 32 राज्यों में फैल चुका है।
यह बीमारी एक परजीवी के कारण होती है। यह परजीवी मुख्य रूप से ट्रायटोमाइन कीड़े यानी किसिंग बग के जरिए इंसानों और जानवरों में फैलता है। इस कीड़े को किसिंग बग इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह अक्सर चेहरे, खासकर होंठ और आंखों के आसपास काटता है। काटने के बाद यह कीड़ा अपने मल को त्वचा पर छोड़ देता है। यदि यह मल आंख, मुंह या किसी घाव के संपर्क में आ जाए, तो परजीवी शरीर में प्रवेश कर जाता है।
CDC की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, किसिंग बग अब टेक्सास, कैलिफोर्निया, एरिजोना, टेनेसी, लुइसियाना, मिसिसिपी, मिसौरी और अरकंसास सहित 32 राज्यों में पाया जा चुका है। इनमें से 8 राज्यों में इंसानों में स्थानीय स्तर पर संक्रमण की पुष्टि हुई है। अमेरिका में अनुमान है कि करीब 2.8 से 3 लाख लोग इस रोग से संक्रमित हो सकते हैं, लेकिन ज्यादातर लोगों को इसका पता ही नहीं होता।