नई दिल्ली (नेहा): अटलांटिक महासागर में आए तूफान ने कैरिबियन द्वीप पर जमकर तबाही मचाई है। इसी बीच एक और बुरी खबर सामने आ रही है। तूफान से प्रभावित लोगों को मदद पहुंचाने वाला प्लेन अचानक क्रैश हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
यह एक छोटा टर्बोप्रॉप प्लेन था, जो अमेरिका से जमैका जा रहा था। फ्लोरिडा के पास प्लेन का संतुलन बीच हवा में बिगड़ गया और एक घर के पूल में जा गिरा। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई।
कोरल स्प्रिंग्स में हुए इस हादसे पर बात करते हुए पुलिस ने सोमवार को हादसे में 2 लोगों की जान जाने की पुष्टि की है। हालांकि, पुलिस ने इसके आगे की कोई भी जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया है।
कोरल स्प्रिंग्स पार्कलैंड अग्निशमन विभाग के उप प्रमुख माइक मोजर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आपातकाल सेवा पहुंचाई गई। इस घटना में घर को कोई नुकसान नहीं हुआ है। पूल के आसपास थोड़ा मलबा मिला है।
इस घटना की सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें प्लेन को पूल में गिरते हुए देखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में किसी ने प्लेन को नहीं देखा। हम प्लेन की लोकेशन को ट्रैक करते हुए पहुंचे तो पूल से आसपास मलबा देखा। जब पूल के अंदर लोगों को उतारा गया, तो प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला।


