लखनऊ (राघव): उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच एक बार फिर गुरुवार को 5 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। जिन पांच अधिकारियों का तबादला हुआ है, उनमें एक अधिकारी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त किया गया है।
बता दें कि वर्ष 2009 बैच के आईपीएस दिनेश कुमार पी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति हेतु कार्यमुक्त किया गया है। वह अभी तक बस्ती रेंज के डीआईजी थे। वहीं वर्ष 2010 बैच के आईपीएस संजीव त्यागी को बस्ती परिक्षेत्र का पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) नियुक्त किया गया है। वह अभी तक कारागार, प्रशासन एवं सुधार सेवाओं में बतौर पुलिस उपमहानिरीक्षक अपनी सेवाएं दे रहे थे। 2008 बैच के आईपीएस आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को पुलिस उपमहानिरीक्षक, तकनीकी सेवाएं, मुख्यालय (लखनऊ) बनाया गया है। इसके साथ ही वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) का जिम्मा संभाल रहे वर्ष 2009 बैच के आईपीएस शिवासिम्मीप चनप्पा को गोरखपुर परिक्षेत्र का उपमहानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि बस्ती परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक पद पर दिनेश को वर्ष 2024 के दिसंबर में तैनाती मिली थी। अब वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजे जाएंगे। माना जा रहा है कि उन्हें कोई अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।