नई दिल्ली (पायल): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तीन दिवसीय जापान दौरे पर हैं। आज यानी सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जापान यात्रा का पहला दिन शुरू हो गया। इस दौरान सीएम सैनी टोक्यो के सबसे प्राचीन सेंसोजी मंदिर भी पहुंचे। वहीं, जापान पहुंचने पर सीएम सैनी की अध्यक्षता में हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल जापान सरकार के साथ मिला। उन्होंने जापान के विदेशी मामलों के राज्यमंत्री मियाजी ताकुमा से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने हरियाणा और जापान के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026 में भाग लेने का भी निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 6 से 8 अक्टूबर तक टोक्यो और ओसाका में कई उच्च स्तरीय बैठकों और निवेशक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने टीडीके कॉर्पोरेशन और एटीएल बैटरी से मुलाकात की, जो ईएमसी सोहना में भारत का सबसे बड़ा लिथियम-आयन बैटरी प्लांट स्थापित कर रही है, और हरियाणा में आगे निवेश के अवसरों पर चर्चा की।
इस दौरान रोहतक में 220 करोड़ से ज़्यादा रुपये की एक मेगा परियोजना के लिए वैश्विक सामग्री क्षेत्र की अग्रणी कंपनी सेरेन कंपनी लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल से 1,700 से ज्यादा रोजगार सृजित होंगे और हरियाणा के विनिर्माण विकास को गति मिलेगी।