नई दिल्ली (नेहा): बीते दिन भारत ने पाकिस्तान से आने वाले सभी सामानों पर रोक लगा दी थी। इसके साथ ही भारत ने अपने बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों की एंट्री भी बैन कर दी है। वहीं, अब प्रतिक्रिया स्वरूप पाकिस्तान ने भी भारतीय जहाजों पर रोक लगा दी है। भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए कहा था कि पाकिस्तान से कोई भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात भारत में नहीं किया जाएगा। इसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के झंडे वाले जहाजों की एंट्री पर भी पाबंदी लगा दी।
पाकिस्तान शनिवार की देर रात आदेश जारी करते हुए कहा कि भारतीय झंडे वाले किसी भी जहाज को पाकिस्तान में दाखिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पाकिस्तानी सरकार ने तत्काल प्रभाव से यह आदेश जारी करने लागू करने के लिए कहा है। “पाकिस्तान सरकार का मानना है कि भारत के साथ हालिया स्थिति के मद्देनजर राष्ट्रीय हित की सुरक्षा और आर्थिक हितों के लिए यह निर्णय लेना अनिवार्य है।” पाकिस्तान के समुद्री मामलों के मंत्रालय ने शनिवार की देर रात सभी बंदरगाहों और शिपिंग विंग के लिए आदेश जारी किया है। इस आदेश में उन्होंने कहा कि “पाकिस्तानी झंडे वाला कोई भी जहाज भारत में नहीं जाएगा और न ही भारतीय झंडे वाला कोई विमान पाकिस्तान में दाखिल होगा।”