इस्लामाबाद (राघव): पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असिम मुनीर ने गुजरात में रिलायंस इंडस्ट्रीज के जामनगर रिफाइनरी को निशाना बनाने की धमकी दी है। ये दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल-साइट रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स है। सूत्रों के मुताबिक 10 अगस्त को फ्लोरिडा के टेम्पा में डिनर के दौरान मुनीर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में बताया, जिसमें कुरान की आयत के साथ रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी की तस्वीर थी। मुनीर ने कहा था, ‘अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे।’
मुनीर ने दावा किया कि हाल के भारत-पाक संघर्ष के दौरान उन्होंने इस पोस्ट को जारी करने की मंजूरी दी थी ताकि भारत को दिखाया जाए कि अगली बार हम क्या करेंगे। इसे हमले की चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है।
मुनीर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र किया, जिसमें रिलायंस अध्यक्ष मुकेश अंबानी को कुरान की एक आयत (सूरह अल-फिल) के साथ दिखाया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस आयत की व्याख्या कई लोग हवाई हमले की चेतावनी के रूप में करते हैं।
मुकेश अंबानी का नाम लेकर मुनीर ने एक ऐसे व्यक्ति की ओर इशारा किया जो भारत की आर्थिक ताकत और वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक है। पाकिस्तानी प्रवासियों को संबोधित करते हुए मुनीर ने परमाणु हमले की धमकी भी दी, ताकि भविष्य में भारत के साथ युद्ध में उनके देश को अस्तित्व का खतरा न हो।