श्रीनगर (नेहा): पहलगाम हमले के बाद केंद्र सरकार ने जिस तरह पाकिस्तान पर प्रतिबंध लगाए हैं, उससे बौखलाकर पाकिस्तान आए दिन एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी कर रहा है। इसी क्रम में पाकिस्तान सैनिकों ने शुक्रवार (गुरुवार रात) को भी एलओसी पर गोलीबारी की जिसका भारतीय सैनिकों ने उसी की भाषा में जवाब दिया। भारतीय सेना के अनुसार, 01-02 मई 2025 की रात को, पाकिस्तान सेना ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, नौशेरा और अखनूर क्षेत्रों के सामने नियंत्रण रेखा के पार से बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय सेना के जवानों ने इसका करारा जवाब दिया है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ जो कूटनीतिक कदम उठाए हैं उससे पाकिस्तान की नींद उड़ी हुई है। पिछले सप्ताह एलओसी पर सीजफायर का उल्लंघन किया। जिसके बाद से बीते सात दिन से सीमा पार से गोलीबारी रुक-रुककर हो रही है। पाकिस्तानी गोलीबारी के पैटर्न के आधार पर संबंधित सुरक्षा अधिकारियों को मानना है कि इसके पीछे पाकिस्तानी सेना की दो साजिशे हैं। क्या है साजिश: पहला यह कि गोलीबारी कर सैन्य तनाव को बढ़ाना और दूसरा- गोलीबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ का सुनिश्चित बनाना। इसलिए गोलीबारी से प्रभावित इलाकों में ही नहीं, उनके आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षाबलों द्वारा नियमित रूप से तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। घुसपैठरोधी तंत्र की लगातार समीक्षा कर उसमें जरूरत के अनुसार सुधार किया जा रहा है।