नई दिल्ली (नेहा): चीन ने पाकिस्तान को तीसरी आधुनिक हैंगर क्लास पनडुब्बी सौंप दी है। यह चीन की ओर से पाकिस्तान को दी जाने वाली आठ हैंगर क्लास पनडुब्बियों में तीसरी है। माना जा रहा है कि ये पनडुब्बियां देकर चीन हिंद महासागर में पाकिस्तान की नौसेना को मजबूत कर रहा है, जिससे उसे भारतीय नौसेना की ताकत और ध्यान को बांटने में मदद मिले।
पाकिस्तान को हैंगर क्लास पनडुब्बी देने का समारोह मध्य चीन के शहर वुहान में गुरुवार को संपन्न हुआ। इस क्लास की दूसरी पनडुब्बी इसी वर्ष मार्च में चीन ने पाकिस्तान को सौंपी थी। ये पनडुब्बियां चीन की ओर से पाकिस्तानी नौसेना को मुहैया कराए गए चार आधुनिक फ्रिगेट (युद्धपोत) के अतिरिक्त हैं, जिन्हें पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान को सौंपा गया है।
इन फ्रिगेट से पाकिस्तानी नौसेना को अरब सागर में ताकत मिली है। इससे ग्वादर बंदरगाह के आसपास और हिंद महासागर में पाकिस्तान की ताकत बढ़ी है। वुहान में हुए समारोह में पाकिस्तान नौसेना के उप प्रमुख वाइस एडमिरल अब्दुल समद ने कहा, हैंगर क्लास पनडुब्बी युद्ध की आधुनिक सुविधाओं और सेंसर से लैस है। इससे पाकिस्तान की समुद्री सुरक्षा और स्थिरता को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
में पाकिस्तान ने चीन को जिन हथियारों की आपूर्ति के लिए समझौता किया है उनमें 4.5 पीढ़ी के 36 जे-10 सीई लड़ाकू विमान, 600 वीटी-4 टैंक और स्पाई शिप प्रमुख हैं।