फ्लोरिडा (नेहा): अमेरिका के फ्लोरिडा में इमरजैंसी लैंडिंग के दौरान एक छोटा विमान हादसे का शिकार हुआ है। ये हादसा सोमवार शाम को ऑरलैंडो के पास इंटरस्टेट-95 (I-95) हाईवे पर तब हुआ, जब एक छोटा एयरक्राफ्ट अपनी इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान कार से जाकर भिड़ गया। प्लेन ने लैंडिंग करते हुए एक टोयोटा कैमरी को भी पीछे से टक्कर मार दी। प्लेन के पायलट ने इंजन में खराबी के बाद लैंडिंग की कोशिश की थी। इस हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें प्लेन किसी सड़क पर चलने वाले वाहन की तरह कार में टक्कर मारता दिख रहा है।
बीचक्राफ्ट-55 विमान जब उतरा तो उसने कैमरी को टक्कर मारी। इसके बाद प्लेन एक कंक्रीट की बैरियर पर जाकर रुक गया। घटना में कार चला रही 57 साल की मेलबर्न की महिला को चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को कार से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद उसे घायल हालत में विएरा अस्पताल ले जाया गया। प्लेन में सवार 27 साल का पायलट और उसका 27 साल का यात्री सुरक्षित हैं। दोनों को कोई चोट नहीं आई है। यह विमान टेलविंड्स फ्लाइंग, मेरिट आइलैंड का था। यह विमान एक इंस्ट्रक्शनल फ्लाइट पर था। तभी इसके दोनों इंजन फेल हो गए।
इस हादसे की वजह से आई-95 के दक्षिण और उत्तर की ओर जाने वाले लेन कुछ देर के लिए बंद कर दिए गए थे। हालांकि इसे जल्दी ही फिर से खोल दिया गया। एफएए और फ्लोरिडा हाईवे पेट्रोल इस हादसे की जांच शुरू कर दी है। US एविएशन वॉचडॉग फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने कहा कि I-95 हाईवे पर एयरक्राफ्ट क्रैश लैंडिंग से पहले पायलट ने इंजन में दिक्कत रिपोर्ट की थी। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने भी इस घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद चीजें साफ होने की बात कही गई है।


