नई दिल्ली (नेहा): थाईलैंड ने कंबोडिया के साथ विवादित सीमा क्षेत्र में हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। थाई सैन्य अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि यह कार्रवाई उस समय की गई, जब दोनों देशों ने एक-दूसरे पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कराए गए संघर्षविराम समझौते को तोड़ने का आरोप लगाया।
पूर्वी प्रांत उबोन रत्चाथानी के दो इलाकों में ताजा झड़पों में एक थाई सैनिक की मौत हुई और चार घायल हुए। सेना ने कहा कि उनके जवानों पर कंबोडिया की ओर से गोलीबारी की गई, जिसके बाद उन्होंने कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमला शुरू किया।
पिछले महीने एक लैंडमाइन विस्फोट में थाईलैंड का एक सैनिक घायल हो गया था। इसके बाद थाई सरकार ने कंबोडिया के साथ किए गए संघर्षविराम समझौते को रोक दिया था। थाई सेना ने बताया कि सीमा के चार जिलों से तीन लाख 85 हजार से अधिक नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है और अब तक 35 हजार से ज्यादा लोग अस्थायी शिविरों में पहुंच चुके हैं।


