ब्राजीलिया (नेहा): पूरी दुनिया मच्छरों को मारने के उपाय में जुटी है, लेकिन ब्राजील करोड़ों की संख्या में मच्छर पैदा करने वाली फैक्ट्रियां स्थापित कर रहा है। यह सोचकर आपको हैरानी होगी कि ब्राजील ने दुनिया की पहली और सबसे बड़ी मच्छर फैक्ट्री लगाई है, जिसमें करोड़ों की संख्या में मच्छरों के लार्वा का उत्पादन होगा और उसे बड़े मच्छर तैयार होंगे। मगर यह जानना जरूरी है कि ब्राजील आखिर इन करोड़ों मच्छरों को पैदा करके क्या करेगा, तो आइये आपको बताते हैं।
ब्राजील ने दुनिया की सबसे बड़ी मच्छर फैक्ट्री लाखों लोगों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए लगाया है। दावा है कि इन मच्छरों के जरिये ‘ब्रेक-बोन फीवर’ और डेंगू जैसी घातक बीमारी से जान बचाई जा सकेगी। मच्छरों द्वारा फैलने वाली यह दर्दनाक बीमारी हर साल दुनियाभर में करोड़ों लोगों को प्रभावित करती है। ब्राजील ने दुनिया की सबसे बड़ी यह बायोफैक्ट्री वोल्बाचिया बैक्टीरिया से संक्रमित मच्छरों का प्रजनन कराने के लिए लगाई है। यह एक नवीन तरीका है, जो आने वाले वर्षों में देशभर में लगभग 14 करोड़ लोगों को डेंगू बुखार से बचाने के लिए तैयार है।
ब्राजील के कुरितिबा में स्थित वोल्बिटो में 2 प्लांट का संचालन शुरू कर दिया गया है। अभी देश भर में ऐसे कई और प्लांट स्थापित किए जाएंगे। किया। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के पूर्ण समर्थन से, विश्व मच्छर कार्यक्रम, ऑस्वाल्डो क्रूज़ फाउंडेशन और पाराना के आणविक जीवविज्ञान संस्थान के बीच यह संयुक्त उद्यम प्रति सप्ताह 10 करोड़ मच्छर के अंडे उत्पादन करने में सक्षम है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी लुसियानो मोरेरा ने बताया, “वोल्बिटो दो ब्राजील हर छह महीने में लगभग 70 लाख लोगों को ब्राजील में सुरक्षित रख पाएगा।”