नई दिल्ली (नेहा): माली और बुर्किना फासो ने अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी नागरिकों के अपने देशों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप द्वारा माली और बुर्किना फासो के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद लिया गया है।
दोनों पश्चिमी अफ्रीकी देशों के विदेश मंत्रियों ने मंगलवार देर रात अलग-अलग बयानों में इस फैसले की जानकारी दी। यह कदम पश्चिमी अफ्रीका की सैन्य सरकारों और अमेरिका के बीच लगातार बिगड़ते संबंधों की ताजा कड़ी माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 16 दिसंबर को राष्ट्रपति ट्रंप ने यात्रा प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाते हुए 20 और देशों को सूची में शामिल किया था, जिनमें माली, बुर्किना फासो और नाइजर भी शामिल हैं। ये तीनों देश सैन्य शासनों के अधीन हैं और इन्होंने पश्चिमी अफ्रीकी क्षेत्रीय संगठन इकोवास से अलग होकर एक नया गठबंधन बनाया है।


