नई दिल्ली (नेहा): नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी राज्य योबे में एक दर्दनाक हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 लोग अब भी लापता हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब दर्जनों यात्रियों को ले जा रही एक नाव नदी में पलट गई। अधिकारियों ने रविवार को इसकी पुष्टि की। यह दुर्घटना शनिवार शाम करीब 8 बजे (स्थानीय समय) हुई। जानकारी के मुताबिक, एक बड़ी लकड़ी की नाव (कैनो) जिगावा राज्य के उत्तर-पश्चिमी इलाके के अदियानी गांव से रवाना हुई थी और योबे राज्य के गारबी इलाके की ओर जा रही थी। रास्ते में नाव अचानक पलट गई। उस समय नाव में कुल 52 यात्री सवार थे। अब तक 13 यात्रियों को जिंदा बचा लिया गया है, 25 शव बरामद किए गए हैं और 14 लोगों की तलाश जारी है।”
स्थानीय स्वयंसेवकों, सुरक्षा एजेंसियों और आसपास के कस्बों से आई आपातकालीन टीमें मिलकर लापता लोगों की खोज और बचाव अभियान चला रही हैं। गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक खराब मौसम बचाव कार्य में बाधा बन रहा है। जिगावा राज्य पुलिस ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि नाव में सवार अधिकतर लोग बाजार से खरीद-बिक्री कर लौट रहे थे। जिगावा पुलिस के प्रवक्ता लावन आदम ने कहा—“यह बाजार का दिन था। हादसा नाव में पानी रिसने (लीकेज) की वजह से हुआ। अगर नाव का चालक जिंदा पाया जाता है, तो उसके खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया जाएगा।” उन्होंने यह भी बताया कि रात में यात्रा पर रोक और जरूरत से ज्यादा सवारियां बैठाने पर पाबंदी जैसे सुरक्षा नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया गया था।


