नई दिल्ली (नेहा): टॉप अमेरिकी इकॉनमिस्ट स्टीव हैंके ने डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार नीतियों पर चेतावनी दी है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के सलाहकार रहे हैंके ने कहा है कि भारत को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में हैंके ने बताया कि ट्रंप की नीतियां भारत से दूरी बना सकती हैं। वहीं, पाकिस्तान के साथ ट्रंप का दोस्ताना व्यवहार आर्थिक और भू-राजनीतिक समस्याएं पैदा कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन के पास अमेरिका से ज्यादा ताकत है। ट्रंप की नीतियों से अमेरिकी अर्थव्यवस्था मंदी की ओर जा सकती है।
स्टीव हैंके ने सीधे शब्दों में कहा, ‘ट्रंप ऐसे व्यक्ति हैं जो सुबह मोदी से हाथ मिला सकते हैं और रात में उनकी पीठ में छुरा घोंप सकते हैं।’ उनका मानना है कि भारत सरकार को अमेरिका की दोस्ती पर भरोसा नहीं करना चाहिए। चीन के पास व्हाइट हाउस से ज्यादा ताकत है। उसके पास माइनिंग, मेटलर्जी और मटेरियल साइंस में महारत है। यह स्थिति चीन ने काफी समय से बनाई हुई है। हैंके के अनुसार, चीन की इस ताकत ने ट्रंप को अपनी दोस्ती पर फिर से सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि ट्रंप भारत से दूर जा रहे हैं और पाकिस्तान की ओर बढ़ रहे हैं। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था में किसी तरह की गति नहीं है। फिर भी ट्रंप ऐसा कर रहे हैं।
हैंके ने बताया कि इसका कारण अर्थशास्त्र नहीं, बल्कि भू-राजनीति है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों ने देश के विदेशी कर्ज का 37% हिस्सा दुबई जैसे विदेशी ठिकानों में जमा कर दिया है। इसके बावजूद अमेरिका ईरान के पास स्थित एयर बेस तक पहुंचने के लिए पाकिस्तान से संबंध बनाए हुए है। हैंके ने कहा, ‘पाकिस्तान के फील्ड मार्शल पिछले एक महीने में दो बार अमेरिका आ चुके हैं।’ वे ईरान पर हमले की तैयारी कर रहे हैं।