नई दिल्ली (नेहा): डोनाल्ड ट्रंप का ये बयान साफ इशारा है कि वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई आखिरी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘हमें ग्रीनलैंड की सख्त जरूरत है। यह बेहद रणनीतिक महत्व रखता है।’ इसके साथ ही उन्होंने दावा करते हुए कहा कि यह रूसी और चीनी जहाजों से घिरा हुआ है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से हमें ग्रीनलैंड की जरूरत है। यह बेहद रणनीतिक महत्व रखता है और वर्तमान में ग्रीनलैंड रूसी और चीनी जहाजों से घिरा हुआ है।’ ट्रंप ने एक बार फिर तर्क दिया कि अमेरिका को पश्चिमी गोलार्ध को प्रतिद्वंद्वी शक्तियों से बचाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आर्कटिक में रूस और चीन की बढ़ती गतिविधियों की वजह से ग्रीनलैंड बहुत महत्वपूर्ण है, खासकर बर्फ पिघलने से नए जल मार्ग और सैन्य अवसर खुल रहे हैं। बीते साल ट्रंप ने कहा था कि उन्हें भरोसा है कि अमेरिका ग्रीनलैंड पर नियंत्रण हासिल कर लेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि द्वीप के 57,000 लोग अमेरिका के साथ रहना चाहते हैं।


