नई दिल्ली (नेहा): उत्तर और मध्य फिलीपींस में आए उष्णकटिबंधीय तूफान ‘फेंगशेन’ के कारण कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है। तूफान की वजह से 22,000 से अधिक लोगों को बाढ़ एवं भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों को छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने बताया कि ‘फेंगशेन’ रविवार देर रात उत्तर फिलीपींस के लूजोन से दक्षिण चीन सागर की ओर बढ़ गया और इस दौरान क्षेत्र में 65 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
सरकारी आपदा प्रबंधन एजेंसी ने तूफान के कारण 7 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। उसने बताया कि मध्य कैपिज प्रांत के रोक्सास शहर में हाई टाइड के कारण कई गांवों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई जिसके बाद हालात बिगड़ गए। राहत और बचाव कर्मियों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। माना जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।