नई दिल्ली (नेहा): पूर्वी एशिया में टाइफून रागासा ने दस्तक दे दी है, जिसका असर हांगकांग और दक्षिणी चीन के कुछ हिस्सों पर देखने को मिल रहा है। दोनों देशों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। चीन ने लगभग 10 शहरों में स्कूल और बिजनेस बंद करने का आदेश जारी किया है। साथ ही कई फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं। टाइफून रागासा पहले फिलिपींस में तबाही मचा चुका है। इस भयंकर तूफान के कारण कई पेड़ गिर गए, घर की छतें उजड़ गईं और 2 लोगों की जान चली गई। खासकर उत्तरी फिलिपींस में हजारों लोगों को स्कूलों और राहत केंद्रों में शरण दी गई है।
हांगकांग मौसम सेवा के अनुसार, टाइफून रागासा के कारण हवाओं ने भी तूफान का रूप धारण कर लिया है। 121 मील (195 किलोमीटर) प्रति घंटे की रफ्तार से यह तूफान दक्षिणी चीन सागर के सहारे पश्चिमी की तरफ बढ़ रहा है। हांगकांग ने मंगलवार की शाम लगभग 6:40 बजे हाई अलर्ट जारी किया था। समुद्र की लहरें 4-5 मीटर ऊंची उठ रही थीं, जिससे पानी शहरों में घुस गया। बड़ी-बड़ी इमारतों के पास समुद्र की उफान मारती लहरों का डराने वाला मंजर आसानी से देखा जा सकता था।