मुंबई (नेहा): वुमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन की शुरुआत हो चुकी है। इस सीजन में आज (10 जनवरी) को पहला डबल हेडर का दिन है, जिसमें दो-दो मुकाबले खेले जाएंगे। दिन का पहला मैच गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरे मुकाबले में शाम को दिल्ली कैपिटल्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। यूपी और दिल्ली की टीम इस सीजन नए कप्तान की कप्तानी में खेलती हुई दिखेगी। WPL 2026 में यूपी की कप्तानी मेग लैनिंग कर रही हैं, वहीं दिल्ली की कप्तानी जेमिमा रोड्रिग्ज के पास है। जेमिमा पहली बार किसी टूर्नामेंट में कप्तानी करती हुई नजर आएंगी।
10 जनवरी को दिन के पहले मैच में गुजरात जायंट्स (GG) और यूपी वॉरियर्ज (UPW) की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला दोपहर 3:00 बजे डीवाई पाटील स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें जीत के साथ अपने सीजन की शुरुआत करना चाहेंगी। साथ ही दोनों का लक्ष्य इस सीजन में अपना पहला खिताब जीतने की ओर मजबूत कदम रखना होगा। गुजरात जायंट्स की कप्तानी इस सीजन एश्ले गार्डनर करेंगी।
इसके बाद दिन का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच शाम 7:30 से खेला जाएगा। इस मैच का टॉस 7 बजे होगा। मुंबई इंडियंस का सीजन का यह दूसरा मैच होगा। 9 जनवरी को सीजन के पहले मुकाबले में मुंबई को आरसीबी के खिलाफ आखिरी गेंद पर 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस रोमांचक मुकाबले में RCB ने आखिरी गेंद पर बाजी मारी थी। यहां भी मुंबई और दिल्ली की टीम जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।


