वॉशिंगटन (नेहा): एक अभूतपूर्व घटनाक्रम में अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के लिए इनाम की राशि दोगुनी करके 5 करोड़ डॉलर कर दी है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। बॉन्डी ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने पर 5 करोड़ डॉलर का इनाम देने की घोषणा कर रहा है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें मादुरो पर दुनिया के सबसे बड़े ड्रग तस्करों में शामिल ट्रेन डी अरागुआ और सिनालोआ कार्टेल जैसे अपराधी समूहों के साथ सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।
बॉन्डी ने इनाम की घोषणा करते हुए बयान में कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में मादुरो न्याय से नहीं बच पाएंगे और उन्हें उनके घृणित अपराधों के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा।’ 2020 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान मादुरो पर मैनहट्टन संघीय अदालत में उनके कई करीबी सहयोगियों के साथ मादक पदार्थों के आतंकवाद और कोकीन आयात करने की साजिश के संघीय आरोपों में अभियोग लगाया गया था।
उस समय उनकी गिरफ्तारी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम रखा गया था, जिसे बाद में बाइडन प्रशासन ने बढ़ाकर 2.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर कर दिया। अमेरिका ने यही राशि 11 सितम्बर 2001 के हमलों के बाद आतंकवादी संगठन अलकायदा के सरगना ओसामा बिन लादेन को पकड़ने के लिए रखी थी।
अमेरिका के भारी भरकम इनाम और अमेरिका, यूरोपीय संघ और कई लैटिन अमेरिकी सरकारों के विरोध के बावजूद मादुरो ने वेनेजुएला में अपनी स्थिति मजबूत रखी हुई है। मादुरो के विरोधी उन पर गलत तरीके से सत्ता पर कब्जा करने का आरोप लगाते हैं और 2024 में उनके फिर से चुने जाने को दिखावा करार दिया था। अमेरिका, यूरोपीय संघ और कई लैटिन अमेरिकी देशों ने चुनाव में मादुरो के प्रतिद्वंद्वी को वेनेजुएला के निर्वाचित राष्ट्रपति के रूप में मान्यता दी है।
बॉन्डी ने कहा कि न्याय विभाग ने मादुरो से जुड़ी 70 करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली है, जिसमें दो निजी जेट भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जब्त किए गए 70 लाख टन कोकीन का पता सीधे वामपंथी नेता से लगाया गया है। अभी तक मादुरो के कार्यालय ने घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।