गुरुग्राम (नेहा): गुरुग्राम में सेक्टर-27 में बुधवार शाम एक निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट की मिट्टी खिसकने से दीवार ढह गई। इसमें वहां काम कर रहे चार श्रमिक और मिस्त्री नीचे दब गए, जबकि आठ लोग बाल-बाल बच गए। वहीं, मौके पर मौजूद श्रमिक, ठेकेदार और मकान मालिक ने रेस्क्यू कर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में चारों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां इलाज के दौरान एक श्रमिक की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। अभी तक थाने में किसी प्रकार की शिकायत नहीं दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सेक्टर-27 में स्थित मकान नंबर 173 में राजमिस्त्री सहित एक दर्जन श्रमिक काम कर रहे थे। बुधवार शाम पांच बजे निर्माणाधीन मकान में बेसमेंट को खोद कर दीवार बनाई जा रही थी। तभी मिट्टी खिसकने से मकान की दीवार गिर गई। काम कर रहे चार श्रमिक नीचे दब गए। वहीं, मृत श्रमिक की पहचान 42 वर्षीय बंगाल निवासी युवक के रूप में की गई। बताया जाता है कि दो श्रमिकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और एक श्रमिक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।