कुल्लू (नेहा): भारी बारिश के बीच भुंतर के पास शाढ़ाबाई में एक बाइक पर पेड़ गिर गया। इससे बाइक सवार 2 लोग जख्मी हो गए। बखनाओ में कार ऊपर मलबा गिर गया जिससे कार मलबे में दब गई। जानकारी के अनुसार भुंतर थाना के तहत शाढ़ाबाई में दो युवक बाइक में सवार होकर भुंतर की ओर आ रहे थे। इस दौरान अचानक पेड़ बाइक पर गिर गया।
इससे बाइक सवार प्रमोद पुत्र डोरी लाल निवासी सिद्धपुर चित्रसेन डाकघर सिरसोल तहसील बिल्सी जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) और संजय पुत्र नंद लाल निवासी नया शहर बडाला सासनगर (पंजाब) को चोटें आई हैं। उनका क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार कराया गया। उधर, आनी की बखनाओ पंचायत के समेशा गांव में रमेश कुमार निवासी समेशा ने सड़क किनारे कार पार्क की थी। इस दौरान पहाड़ी में भूस्खलन के कारण गाड़ी मलबे में दबने से क्षतिग्रस्त हो गई। इस भूस्खलन के कारण 2 मकान भी खतरे की जद में आ गए हैं। एएसपी संजीव चौहान ने घटनाओं की पुष्टि की है।