नई दिल्ली (नेहा): बाहरी जिले की पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे छह अफ्रीकी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई निहाल विहार थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस की गश्ती टीम ने सतर्कता दिखाते हुए सभी को मौके पर पकड़ लिया। बाद में सभी को कानूनी प्रक्रिया के तहत विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) को सौंप दिया गया है ताकि उनके निर्वासन की कार्रवाई पूरी की जा सके।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने सोमवार को बताया कि दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए अभियान तेज किया गया है। निहाल विहार थाने की टीम ने 10 अक्टूबर को चंदर विहार इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि कुछ विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के एक मकान में रह रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने छापा मारा। पुलिस को देखकर छह विदेशी नागरिक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपने पासपोर्ट और वीजा दस्तावेज दिखाने में असमर्थता जताई। आगे जांच में पाया गया कि उनके वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी है और वे लंबे समय से दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे थे। गिरफ्तार विदेशी नागरिकों की पहचान कैमरून निवासी फ्रैंक फोटचिंग, रोमियो लूसियन, नाइजीरिया निवासी सैमुएल, माल्क फराडे, इनौसा, घना निवासी इवांस डांसो के रूप में हुई है। पुलिस ने विदेशी नागरिकों को आश्रय देने के आरोप में मकान मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिस उपायुक्त के अनुसार सभी छह विदेशी नागरिकों को नरेला स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।