पुवायां (नेहा): फोन पर किसी व्यक्ति से बात करने के शक में युवक का सोमवार रात पत्नी से विवाद हो गया। शराब के नशे में उसने जमकर पिटाई की। उसके बाद पत्नी के बाल पकड़कर दीवार में सिर मारकर हत्या कर दी। रात में ही सबमर्सिबल चलाकर सिर में लगा खून साफ किया। कमरे में ही शव से कुछ दूरी पर रात भर सोता रहा। सुबह स्वजन को घटना की जानकारी दी। क्षेत्र के मुड़िया वैश्य गांव निवासी सोहन सिंह उर्फ अन्नू ने करीब चार वर्ष पहले उन्नाव निवासी रागिनी सिंह से प्रेम विवाह किया था। सोहन शराब पीने का आदी हो गया था। रागिनी शराब पीने से मना करतीं थी तो दोनों में विवाद होता था।
सोमवार रात को भी दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी की पिटाई कर दी। इसके बाद बाल पकड़कर कमरे व बरामदे में घसीटता रहा। इसके बाद दीवार में कई बार सिर में मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद उसने रात में ही सबमर्सिबल चलाकर सिर में लगा खून साफ करने के बाद कमरे में जाकर सो गया। मंगलवार सुबह सोकर उठने के बाद वह पास के धार्मिक स्थल पर बज रहे साउंड सिस्टम को बंद कराने पहुंचा गया। वहां बैठे भाई सुभाष व ग्रामीणों को पत्नी की मृत्यु के बारे में बताया। लोगों को जब शक हुआ तो सोहन खेतों में भाग गया। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।


